शिमला,10 मई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सुबह जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में 25 पंजाब रेजिमेंट के सूबेदार मेजर पवन कुमार की शहादत पर शोक व्यक्त किया है। वह कांगड़ा जिला की शाहपुर नगर पंचायत के रहने वाले थे।
अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबेदार मेजर पवन कुमार ने देश की एकता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है और कृतज्ञ राष्ट्र उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
अदम्य वीरता और सर्वोच्च बलिदान को शत-शत नमन : जयराम ठाकुर
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल के लाल सूबेदार मेजर पवन कुमार जरयाल के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सूबेदार मेजर पवन कुमार की अदम्य वीरता और सर्वोच्च बलिदान की गाथा हमेशा गाई जाएगी। हिमाचल समेत सम्पूर्ण राष्ट्र को उन पर गर्व है। अमर बलिदानी सूबेदार मेजर पवन कुमार के पिता जी भी सेना में अपनी सेवाएं दे चुके है। जयराम ठाकुर ने कहा कि उनके पिता श्री गरजो सिंह की बात सुनी कि ‘उन्हें खुशी है कि उनका बेटा देश के काम आया’। धन्य हैं ऐसे पिता और उनकी बलिदानी संतान। राष्ट्र की सेवा में अपनी पीढ़ियाँ लगाने वाले परिवार को मैं शत-शत नमन करता हूँ।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा यह लड़ाई हम पर थोपी गई है। हमारे बेकसूर लोगों को मारने का जो पाप पाकिस्तान ने किया है उसकी उन्हें सज़ा मिल रही है। पाकिस्तान अब पूरी दुनिया में बेनक़ाब हो गया है। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के सौ किलोमीटर अंदर हमला करके पाकिस्तान के टॉप आतंकियों को भारत ने ढेर कर दिया है। इस ऑपरेशन में मारे गए सभी आतंकी और उनके कमांडर मानवता के दुश्मन हैं। भारत के हजारों लोगों की हत्या के दोषी हैं। भारत ने आतंक के आकाओं को पाकिस्तान के भीतर उनके हेड क्वार्टर में घुस कर मारा है। जिससे पाकिस्तान बिलबिला उठा है और भारत में नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर हमला कर रहा है। लेकिन पाकिस्तान अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएगा भारतीय सेना उसका डटकर जवाब दे रही है।