Thursday, April 25, 2024
BREAKING
खुलकर सामने आ रहे हैं कांग्रेस के आमजन विरोधी इरादे : जयराम ठाकुर कांगड़ा बाईपास पर राजीव की फूड वैन देख रुके सीएम सुक्‍खू शिमला में चार साल की मासूम से दुष्‍कर्म चंबा फ़र्स्ट के लिए मोदी ने चंबा को आकांक्षी ज़िला बनाया : जयराम ठाकुर बिकाऊ विधायक धनबल से नहीं जीत सकते उपचुनाव : कांग्रेस तीन हजार रिश्‍वत लेते रंगे हाथों दबोचा एएसआई 23 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर की आत्‍महत्‍या सरकार उठाएगी पीड़ित बिटिया के इलाज का पूरा खर्च: मुख्यमंत्री युवक ने दिनदिहाड़े छात्रा पर किए दराट के एक दर्जन वार, हालत गंभीर पीजीआई रेफर राज्य सरकार के प्रयासों से शिंकुला टनल को मिली एफसीए क्लीयरेंस: सीएम
 

कल्‍याण सिंह के निधन से दबे, कुचले और पिछड़ों ने अपना एक हितचिंतक गंवाया:अमित शाह

एफ.आई.आर. लाइव डेस्क Updated on Monday, August 23, 2021 18:47 PM IST
कल्‍याण सिंह के निधन से दबे, कुचले और पिछड़ों ने अपना एक हितचिंतक गंवाया:अमित शाह

अलीगढ़/लखनऊ, 23 अगस्त। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अलीगढ़ के अतरौली पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके निधन से दबे, कुचले और पिछड़ों ने अपना एक हितचिंतक गंवाया है। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को प्रदेश के बुलंदशहर जिले के राजघाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

 

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार की रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अलीगढ़ के अतरौली स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पहुंचे जहां कल्याण का पार्थिव शरीर रखा गया है। शाह ने उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

 

कल्‍याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शाह ने कहा कि आज मैं कल्‍याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए आया हूं। कल्‍याण सिंह का इस दुनिया से जाना भाजपा की बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके (कल्याण) जाने के साथ ही भाजपा ने अपना एक दिग्गज और हमेशा संघर्षरत रहने वाला नेता खोया है। देश भर के दबे कुचले और पिछड़ों तथा विशेषकर उप्र के दबे कुचले पिछड़ों ने अपना एक हित चिंतक गंवाया है।

 

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के कल्‍याण सिंह बड़े नेता रहे और राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए सत्ता त्‍याग करने में तनिक भर भी उन्होंने नहीं सोचा। पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए शाह ने कहा कि जब राम जन्मभूमि का शिलान्यास हुआ तो उसी दिन बाबूजी से बात हुई तो बड़े हर्ष और संतोष से उन्होंने बताया कि आज मेरे जीवन का लक्ष्य पूरा हुआ। उनका पूरा जीवन विकास और उप्र के लोगों को लिए समर्पित रहा। उप्र को अच्‍छा प्रदेश बनाने के लिए वह कार्यरत रहे।

 

उन्होंने कहा कि इतने बड़े गरीब तबके से उठकर इतना बड़ा नेता बनना, विचारधारा के लिए संघर्ष करना, समाज के लिए समर्पित रहना, यह सब हम सब भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा की चीजें रहेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर एक बड़ी रिक्तता निर्मित हुई है और इसे लंबे समय तक भर पाना मुश्किल होगा। शाह ने कहा कि आज काफी समय से सक्रिय राजनीति में न रहते हुए भी जिस प्रकार जनसैलाब बाबूजी को श्रद्धांजलि देने आया, विशेषकर युवाओं को देख रहा हूं, वह यही साबित करता है कि उप्र के सार्वजनिक जीवन पर उन्होंने एक गहरी छाप छोड़ी है। हम हृदय से गहरी श्रद्धांजलि देते हैं और वादा करते हैं गरीबों, पिछड़ों और दबे कुचलों के लिए संघर्षरत रहेंगे, इतना ही कह सकता हूं।

 

मध्‍यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा कि कल्‍याण सिंह व्यक्ति नहीं, एक संस्था थे, एक आंदोलन थे। उनके दिमाग में गरीब, किसान,, पिछड़े और शोषित के कल्‍याण की भावना थी। वह केवल उनके नेतृत्व में ही नहीं, उनकी कविताओं में भी प्रदर्शित होती थी। उन्होंने क्रांति का शंखनाद किया था। चौहान ने कल्‍याण सिंह की एक कविता भी सुनाई और कहा कि सामान्य परिवार में जन्म लेकर उप्र के मुख्यमंत्री तक का सफर और अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण का संकल्प उनके बिना पूरा नहीं हो सकता था।

 

उन्होंने मध्य प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह ने कहा कि राजनीति में ऐसे सच्चे नेता विरले होते हैं, जिन्हें जनसमर्थन प्राप्त होता हैं और उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। इस दौरान उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को प्रदेश के बुलंदशहर जिले के राजघाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

 

अधिकारियों ने यहां बताया कि सिंह का पार्थिव शरीर आज सुबह साढ़े नौ बजे अलीगढ़ के अहिल्‍याबाई होल्‍कर स्टेडियम से उनके पैतृक गाँव मढौली के लिए ले जाया गया जहां उनके अंतिम दर्शन के बाद उन्हें बुलंदशहर के राजघाट ले जाया जाएगा। सिंह की अंतिम यात्रा अलीगढ़ के अहिल्याबाई स्टेडियम से सुबह निकली और करीब 17 किलोमीटर की दूरी तय कर अतरौली के लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पहुंची। अतिथि गृह में उनका पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। वहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

 

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई प्रमुख नेताओं ने रविवार को लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए विधान भवन और प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी रखा गया था।

 

कल्‍याण सिंह का पार्थिव शरीर रविवार की शाम अलीगढ़ के धनीपुर हवाई पट्टी पर एयर एंबुलेंस से पहुंचा और उसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा एटा से भाजपा सांसद और कल्‍याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह दूसरे विमान से पहुंचे।

VIDEO POST

View All Videos
X