
नई दिल्ली, 07 जनवरी। भारत में कोरोना वैक्सीन की लांचिंग के बाद अब एक और बड़ी खबर सुनने को मिल रही है। भारतीय दवा कंपनी भारत बायोटेक देश में जल्द ही नेज़ल वैक्सीन( Nasal Vaccine) का ट्रायल शुरू करने जा रही है। इसकी सफलता के बाद कारोना को खत्म करने के लिए इंजेक्शन के बजाय नाक से सुंघने वाली वैक्सीन ही काफी होगी। मीडिया रिपोर्टों से पता चला है कि नागपुर में इस वैक्सीन के पहले और दूसरे फेज का ट्रायल शुरू किया जाने वाला है। ज्ञात रहे कि नेज़ल वैक्सीन को नाक के जरिए दिया जाता है, जबकि अभी तक भारत में जिन दो वैक्सीन कोविशील्ड और कोवैक्सीन को मंजूरी मिली है वो इंजेक्शन के जरिये दी जाती है।
भारत बायोटेक के डॉ. कृष्णा इल्ला के मुताबिक, उनकी कंपनी ने वाशिंगटन यूनिवर्सिटी के साथ करार किया है। इस नेज़ल वैक्सीन में दो की बजाय सिर्फ एक ही डोज देने की जरूरत होगी। रिसर्च में पाया गया है कि ये काफी बेहतरीन उपाय है। उन्होंने बताया कि आने वाले दो हफ्तों में नेज़ल कोवैक्सीन का ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा।