
हमीरपुर, 29 सितंबर। सोहारू कंप्लैक्स हमीरपुर में संचालित किए जा रहे शिवाय रेस्तरां में मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट, हैड शैफ, शैफ, सर्विस और हाउसकीपिंग के पदों सहित कुल 17 पदों को भरने के लिए 9 अक्तूबर को सुबह 10 बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मैनेजर के एक पद के लिए एमबीए डिग्रीधारक कम से कम 3 वर्ष का अनुभव रखने वाले महिला एवं पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवार को 2.16 लाख रुपये सालाना पैकेज मिलेगा। रिसेप्शनिस्ट के 3 पदों के लिए स्नातक महिला एवं पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। उन्हें कंप्यूटर का अच्छा ज्ञान तथा अच्छी कम्युनिकेशन स्किल्स होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 1.44 लाख रुपये सालाना पैकेज मिलेगा।
सर्विस के 5 पदों के लिए होटल प्रबंधन में डिप्लोमाधारक और अनुभवी महिला एवं पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को सालाना 1.80 लाख रुपये पैकेज मिलेगा। हैड शैफ के एक पद के लिए होटल प्रबंधन में डिप्लोमा या डिग्रीधारक तथा 5 वर्ष का अनुभव रखने वाले पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवार को सालाना 3 लाख रुपये पैकेज मिलेगा। कांटिनेंटल, चाइनीज एवं एशियन और दक्षिण भारतीय व्यंजनों के तीन अलग-अलग शैफ के पदों के लिए भी डिप्लोमाधारक एवं कम से कम 2 वर्ष का अनुभव रखने वाले पुरुष उम्मीदवार पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को 2.04 लाख रुपये सालाना पैकेज दिया जाएगा। हाउसकीपिंग के 4 पदों के लिए आठवीं या दसवीं पास पुरुष उम्मीदवार पात्र हैं। इन्हें सालाना 1.44 लाख रुपये पैकेज दिया जाएगा। इन सभी पदों के लिए आयु सीमा 21 से 45 वर्ष रखी गई है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
सिक्यूरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 180 पदों के लिए साक्षात्कार 3 अक्टूबर से शुरू
धर्मशाला(कांगड़ा)। सिस इंडिया लिमिटेड हमीरपुर ने पुरूषों के लिए सिक्यूरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 180 पद भरने जा रहा हैं। इसके लिए साक्षात्कार 03 अक्टूबर 2026 को एस डी एम ऑफिस कैंपस, शाहपुर, 05 अक्टूबर को उप रोजगार कार्यालय, ज्वालाजी, 06 अक्टूबर को उप रोजगार कार्यालय, नगरोटा बगवां, 07 अक्टूबर को नूरपुर, 08 अक्टूबर को इन्दौरा और 09 अक्टूबर को पालमपुर में प्रातः 11 बजे से लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी, कांगड़ा अक्षय कुमार ने बताया कि 19 से 40 वर्ष की आयु के बीच दसवीं उत्तीर्ण व इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थी इन पदों के लिए पात्र होंगे, जिन्हें 18500 से 24000 रूपये प्रति माह वेतन व अन्य सुविधाएं कंपनी के नियमानुसार दी जाएँगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र व बायोडाटा की कॉपी और अनुभव प्रमाण-पत्र साथ लेकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। इसके अलावा, आवेदक साक्षात्कार में भाग लेने से पहले https://eemis.hp.nic.in पर अपनी ई-मेल आईडी या मोबाइल नम्बर से लॉग-इग के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विभागीय साईट पर साक्षात्कार का ब्योरा अपलोड कर दिया गया है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नं-8558062252 पर संपर्क किया जा सकता हैं।
कांगड़ा व शाहपुर उपमंडल में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के 15 पदों पर भर्ती
शाहपुर(कांगड़ा)। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) रैत के कार्यालय द्वारा कांगड़ा एवं शाहपुर उपमंडल के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के कुल 15 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें कांगड़ा उपमंडल में 3 तथा शाहपुर उपमंडल में 12 पद शामिल हैं। सीडीपीओ रैत निर्मला देवी ने बताया कि कांगड़ा उपमंडल के गुब्बर पंचायत के लपियाना.2ए लपियाना खास तथा मनेई पंचायत के मावा मंद्रेला आंगनवाड़ी केंद्र में आंगनबाड़ी हेल्पर के पद भरे जाएंगे।
इसी प्रकार शाहपुर उपमंडल में कुठमा पंचायत के भेड़ी, सराह पंचायत के जटेड, रैत पंचायत के रैत-1, चढ़ी पंचायत के ऊनी बेहडु, भलेड पंचायत के काकड़ा, रजोल, बंडी पंचायत के घरथेड-1, नेरटी पंचायत के नेरटी-2, मंझग्रां पंचायत के छतड़ी, मकरोटी पंचायत के मकरोटी-1, डोहब पंचायत के झिकला डोहब तथा हरनेरा पंचायत के बड़न्ज-1 आंगनवाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद भरे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए महिला उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त उम्मीदवार का संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे/फीडर क्षेत्र का निवासी होना आवश्यक है।
आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार कार्यदिवस के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी, रैत के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।
कांगड़ा उपमंडल के लिए साक्षात्कार 23 अक्टूबर 2026 तथा शाहपुर उपमंडल के लिए 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र, वृत्त पर्यवेक्षक अथवा बाल विकास परियोजना अधिकारी, रैत के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।







