
तीसा(चंबा), 08 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के उपमंडल चुराह के तहत बैरागढ़-चंबा मार्ग पर शनिवार तड़के एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी ढलान में पलट कर नीचे सड़क पर आ गिरी। इस हादसे में बस के चालक व परिचालक सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। इनमें से छह घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल चंबा रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शर्मा ट्रैवल्स की यह निजी बस शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई और सिर्फ तीन किलोमीटर का सफर ही तय करते ही चालुज मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़के से नीचे आ गिरी गई। हादसे का पता चलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस-प्रशासन को इस हादसे की सूचना दी। घायलों को बाहर निकाल कर इलाज के लिए तुरंत सिविल अस्पताल तीसा भिजवाया गया।
इस हादसे में नीलम पत्नी मोती सिंह वीपीओ देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा उम्र 34 साल, जगदेई पुत्री हरि लाल गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा उम्र 24 साल, जगदेव शर्म पुत्र श्री धर्म सिंह गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा उम्र 50 साल, हरदेई पत्नी जगदेव गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा उम्र 43 साल, देसराज पुत्र त्रिलोचन गांव बाहला डाकघर देवीकोठी तहसील चुराह जिला चम्बा उम्र 35 साल, बस चालक रूप सिंह पुत्र राधा राम गांव चिल्ली डाकघर थल्ली तहसील चुराह जिला चम्बा उम्र 35 साल और परिचालक तेज सिंह पुत्र प्यारे लाल गांव सत्यास डाकघर तरेला तहसील चुराह जिला चम्बा उम्र 39 साल की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने हादसे पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सुबह चंबा जिले के पटवार वृत्त बैरागढ़ के चालुंज मोड़ के समीप हुई बस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस बस दुर्घटना में घायल 11 लोग उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ की कामना की हैं। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने भी इस बस दुर्घटना में सात लोगों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव सहायता एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।







