
चंबा,18 जून। जिला चंबा के मसरूंड-हमल मार्ग पर छतरूंड के पास एक बोलेरो गाड़ी एचपी-01सी-2581 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। बुधवार देर शाम हुए इस हादसे में वाहन सवार सात लोगों की मौत हो गई है। इस वाहन में ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव के निवासी सवार थे और वे काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने के बाद जब घर वापिस लौट रहे थे तो यह हादसा हो गया। इस हादसे में चार महिलाएं और तीन पुरुषों की मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इस हादसे में चुनी लाल (65) पुत्र परस राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, तहसील एवं जिला चंबा, देवी लाल (62) पुत्र परस राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, तहसील एवं जिला चंबा, मोती राम (50) पुत्र राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, तहसील एवं जिला चंबा, बबली देवी (45) पत्नी मोती राम, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, तहसील एवं जिला चंबा, कुंता देवी (53) पत्नी कर्म सिंह, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, तहसील एवं जिला चंबा, अनीता कुमारी (20) पुत्री धर्म सिंह, गांव मेहल, डाकघर कोहाल, तहसील एवं जिला चंबा और मनोहर लाल (34) पुत्र धरो, चालक, गांव टोपड़ा, डाकघर झुलाड़ा, तहसील एवं जिला चंबा की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले की मसरूंड-हमल सड़क पर छतरुंड के निकट गत रात्रि हुई सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।







