
चंडीगढ़, 8 दिसंबर। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर जन्मदिन की बधाई दी है। प्रकाश सिंह बादल आज 93वें साल के हो गए हैं। कृषि कानूनों से नाराज बादल ने पिछले सप्ताह ही अपना पद्म विभूषण लौटा दिया था।
भाजपा की सबसे पुरानी सहयोगियों में से एक रही शिरोमणि दल अकाली के नेता प्रकाश सिंह बादल ने कल किसानों के लिए बनाए गए तीनों कानूनों को वापस लेने के लिए मोदी को चार पन्नों का एक पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने मांग की थ कि किसानों की उपज की 100 प्रतिशत खरीद स्वामीनाथन फार्मूले के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए और इसे किसान का वैधानिक अधिकार बनाया जाए। बादल ने देश के सामने आने वाली सभी समस्याओं को हल करने के लिए एक उदार, धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया। अपने लिखे गए पत्र में, बादल ने आपातकाल और तानाशाही के दिनों का हवाला दिया था और गतिरोध को हल करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की थी।
गौरतलब है कि आज किसानों ने पूरे देश में बंद का आह्वान किया हुआ है।