
हमीरपुर, 07 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने पांच अलग-अलग श्रेणियों के पदों की भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि रेडियोग्राफर पोस्ट कोड-26009 की परीक्षा 19 अगस्त को सुबह 9 से 10:30 बजे तक, मेडिकल सोशल वर्कर पोस्ट कोड-26006 की परीक्षा 25 अगस्त को सुबह 9 से 10:30 बजे तक, साईकिएट्रिक सोशल वर्कर पोस्ट कोड-26007 की परीक्षा इसी दिन दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक और सीनियर लैब टैक्निशियन पोस्ट कोड-26012 की परीक्षा भी इसी दिन शाम को 4 से 5:30 बजे तक होगी। जबकि, लैब असिस्टेंट पोस्ट कोड-25012 की परीक्षा 26 अगस्त को सुबह 9 से 11 बजे तक होगी।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर या अपने मोबाइल पर एसएमएस और ईमेल पर ताजा स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आयोग के कार्यालय में या दूरभाष नंबर 01972-222204 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
संगीत शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में संगीत शिक्षकों के 118 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया। यह परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि संगीत शिक्षक पोस्ट कोड-26021 के 118 पदों के लिए 71 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 63 उम्मीदवारों ने सीबीटी परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण 58 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है जोकि 18 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डॉउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।







