
सरकाघाट(मंडी), 24 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के उपमंडल सरकाघाट के मसेरन के निकट तारंगल में सवारियों से भरी हिमाचल परिवहन निगम की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लुढ़कर खेतों में जा गिरी। इस हादसे में 4 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हो गई और चालक-परिचालक समेत 21 लोग घायल हुए हैं। घायलों का सरकाघाट अस्पताल व नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। छह गंभीर घायलों को एम्स बिलासपुर में रेफर किया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एचआरटीसी बस के खाई में गिरने से अब तक सात लोगों के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उपचार दिलाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बस दुर्घटना के घायलों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उप-मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया और इस दुर्घटना की न्यायिक जांच करवाने की बात कही।
आज प्रातः हुई इस बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही उप-मुख्यमंत्री सरकाघाट पहुंचे। उन्होंने नागरिक अस्पताल सरकाघाट में उपचाराधीन घायलों का कुशल-क्षेम जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुविधा प्रदान करने तथा स्थानीय प्रशासन को भी प्रभावितों को हरसंभव मदद उपलब्ध करवाने को कहा।

इसके उपरांत उप-मुख्यमंत्री ने तारंगल पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि इस बस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन विभाग के तकनीकी विंग की टीम कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार ने दुर्घटना की न्यायिक जांच के आदेश भी दे दिए हैं। उन्होंने बताया कि बस में चालक व परिचालक सहित 29 लोग सवार थे। इनमें से अभी तक आठ लोगों की दुःखद मृत्यु की पुष्टि हुई है। मृतकों में चार महिलाएं एवं चार पुरूष शामिल हैं। 21 अन्य घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व परिवहन विभाग के लिए घायलों के जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट अस्पताल के अलावा गंभीर घायलों को नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, मंडी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्ज) बिलासपुर में भी भर्ती करवाया गया है। उप-मुख्यमंत्री ने एम्ज बिलासपुर तथा मेडिकल कॉलेज, मंडी स्थित नेरचौक पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
उपमुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में मृतकों की आत्मा की शांति तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से 25-25 हजार रुपए तथा घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।
इस अवसर पर सरकाघाट से पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, उपमंडलाधिकारी (ना.) स्वाति डोगरा, जल शक्ति विभाग हमीरपुर जोन के मुख्य अभियंता रोहित दुबे, हिमाचल पथ परिवहन निगम के मुख्य महाप्रबंधक पंकज सिंघल सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
सरकाघाट हादसे पर नेता प्रतिपक्ष ने जताया दुख व्यक्त की अपनी संवेदना
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकाघाट के मसेरन में हुए बस हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दुर्घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए मृतात्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असह्य दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही सभी घायलों के अति शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने की कामना की। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध करवाया जाए, इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और करने के कारणों का पता लगाया जाए जिससे आगे ऐसी घटनाओं को रोक जा सके। इसके साथ ही जयराम ठाकुर ने मंडी के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉक्टर राजेंद्र कुमार राजू के निधन पर गहरा अशोक प्रकट करते हुए उनके मृत्यु को अपूरणीय क्षति बताया और उनके आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
तारंगल बस दुर्घटना की मेजीस्ट्रियल जांच के आदेश
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सरकाघाट क्षेत्र में मसेरन के निकट तारंगल में हुई बस दुर्घटना के घायलों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उप-मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का दौरा किया और इस दुर्घटना की मेजीस्ट्रियल जांच करवाने की बात कही। आज प्रातः हुई इस बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही उप-मुख्यमंत्री सरकाघाट पहुंचे। उन्होंने नागरिक अस्पताल सरकाघाट में उपचाराधीन घायलों का कुशल-क्षेम जाना। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार सुविधा प्रदान करने तथा स्थानीय प्रशासन को भी प्रभावितों को हरसंभव मदद उपलब्ध करवाने को कहा। बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से 25-25 हजार रुपए तथा घायलों को पांच-पांच हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है।







