चंडीगढ़। नगर निगम के बिल्डिंग इंस्पेक्टर संजीव कुमार का पुलिस को आज भी कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस ने संजीव की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन उनका पता नहीं चल पाया। पुलिस उपायुक्त मनीष सहगल ने कहा कि संजीव ने अपने मोबाइल से 14 सितंबर को शाम 4 बजे आखिरी कॉल पत्नी को की थी। शुक्रवार को संजीव के परिजन डीजीपी से मिले और उन्हें सारे मामले से अवगत करवाते हुए बेटे को शीघ्र तलाशने की मांग की। पुलिस ने बीते दिन निगम के कार्यकारी अधिकारी द्वारा सौंपी गयी शिकायत पर संजीव की गुमशुदगी का केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस उसके मोबाइल लोकेशन के जरिये उसे ट्रेस कर रही है। उधर, हरियाणा बिल्डिंग इंस्पेक्टर एसोसिएशन भी संजीव के साथ आ गयी है। एसोसिएशन ने कहा है कि सोमवार तक संजीव का पता नहीं चला तो वे प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को हाईकोर्ट के लिये घर से निकला संजीव अचानक गायब हो गया था। उसकी बाइक हाईकोर्ट की पार्किंग में खड़ी मिली।