चंडीगढ़ - गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) में इलाज करवाने के लिए जाने वाले लोगों को अब लंबी-लंबी लाइनों से नहीं गुजरना पड़ेगा अब मात्र एक क्लिक पर उनका रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। जीएसीएच ने गुरुवार से डॉक्टरों के अपॉइंटमेंट और ओपीडी के रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है।
ऑनलाइन सुविधा मिलने से अब न तो मरीजों को कार्ड बनवाने के लिए लाइन में लगना होगा और न ही इलाज के लिए। यह सुविधा मरीजों को एक भी रुपए अतिरिक्त नहीं देना होगा। डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए जीएमसीएच-32 की वेबसाइट www.gmch.gov.in पर जाना होगा। यहां ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाक्स पर क्लिक करते ही एक फार्म खुलेगा। जिसमें आपको अपना मोबाइल नंबर डालना होगा और कुछ ही देर में आपके मोबाइल पर पासवर्ड आ जाएगा।
पासवर्ड से लॉग इन करने पर फिर एक फार्म खुलेगा, जिसमें डिटेल्स भरनी होगी। डिटेल्स भरते ही डॉक्टरों के नाम, समय और ओपीडी के दिन का आप्शन आएगा। जिसे भरकर आप अगले 15 दिनों में किसी भी तारीख को चुनकर डिपार्टमेंट के मनपसंद डॉक्टर से अपॉइंटमेंट फिक्स कर सकते हैं। इसमें आप अपने अनुसार निर्धारित टाइम टेबल में से समय का भी चुनाव कर सकते हैं।
अपॉइंटमेंट फिक्स होने के बाद आपके फोन पर मैसेज पहुंच जाएगा और कंप्यूटर स्क्रीन पर अपॉइंटमेंट की स्लिप भी आ जाएगी जिसे आप सेव कर सकते हैं।