शिमला, 09 जून। नारकंडा में बनाए गए नेचर कैंप में सोए हुए पंजाब के सैलानियों पर तेज तुफान के चलते एक पेड़ गिर गया। इससे टैंट में सो रहे दो सौलानियों की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग के इस कैंप में लगाए गए टैंटों में पंजाब के जालंधर से आए सैलानी सो रहे थे। इसी बीच बुधवार आधी रात बाद करीब सवा तीन बजे तेज आंधी आई और इससे एक भारी भरकम पेड़ एक टैंट पर आ गिरा। इसके गिरने से टैंट में सो रहे तीन में से दो सैलानियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल हुआ है।
मृतकों की पहचान 45 साल के जालंधर निवासी अशोक सिद्घु पुत्र मोती राम और आदमपुर जिला के धमोंदा गांव के निवासी 36 साल के राजेश कुमार पुत्र श्रवण कुमार के तौर पर हुई है। वहीं 32 वर्षीय गगन आजाद पुत्र ओम प्रकाश निवासी जालंधर इस हादसे में घायल हुए हैं। उन्हें आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है। ये सभी पर्यटक पंजाब के शिक्षा विभाग में तैनात थे।