
शिमला, 29 दिसंबर। न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने आज यहां आयोजित एक सादे एवं गरिमापूर्ण समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी उपस्थित थे। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने समारोह की औपचारिक कार्यवाही का संचालन करते हुए भारत के राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति पत्र पढ़ा।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस.बाली, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, महाधिवक्ता अनूप कुमार रतन, हिमाचल प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति पी.एस. राणा, लोकायुक्त न्यायमूर्ति चंद्र भूषण बारोवालिया, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के परिवार के सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने बधाई दी
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली है। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनका विस्तृत अनुभव और दृष्टिकोण हिमाचल प्रदेश को लाभान्वित करेगा और न्याय की भावना को और ऊंचाई प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि न्यायमूर्ति संधावालिया की न्यायिक सूझ-बूझ राज्य में न्याय के सिद्धांतों को कायम रखने में महत्त्वपूर्ण योगदान देगी।







