
रामपुर(शिमला), 16 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में एक आल्टो कार खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। सोमवार सुबह रामपुर-गौरा सड़क मार्ग पर संध कैंची के पास पशाड़ा में एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 800 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। हादसे का शिकार लोग जगोचा गांव के रहने वाले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार ग्रामीण धलोज में शामिल होने के बाद सुंडा से अपने घर लौट रहे थे। इस हादसे में रामानंद (60), ओम प्रकाश (41) और हमेन्द्र (37) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक राकेश कुमार (58) और रविन्द्र कुमार (38) घायल हुए हैं। घायलों को खाई से बाहर निकाला कर ग्रामीणों की मदद से खनेरी अस्पताल ले जाया गया।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिले के रामपुर-गौरा मार्ग पर साध कैंची के समीप हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने तथा घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।







