
श्रीनगर, 15 अगस्त। 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के त्राल में बुरहान वानी के पिता मुजफ्फर अहमद वानी ने ने तिरंगा लहराया। ज्ञात रहे कि मुजफ्फर अहमद वानी हायर सरकारी सेकेंडरी स्कूल के हेडमास्टर हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कार्यक्रम में उन्होंने तिरंगा फहराया। बुरहान वानी हिज्बुल मुजाहिद्दीन का कमांडर था। सुरक्षा बलों ने उसे वर्ष 2016 में मारा गिराया था। इसके बाद से कश्मीर में काफी उपद्रव हुआ था। बुरहान घाटी में आतंक के समर्थकों का पोस्टर बॉय भी था। वह वर्ष 2010 में सिर्फ 15 साल की उम्र में हिज्बुल मुजाहिद्दीन से जुड़ गया था। बुरहान वानी सुर्खियों में तब आया, जब उसने सेना की वर्दी में हथियार लिए अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
सुरक्षा बलों के हाथों मारे जाने से पहले बुरहान के वीडियो, हथियारों से लैस फोटो और सुरक्षा बलों का मजाक उड़ाने वाले मैटर सोशल मीडिया और व्हाट्स ऐप पर खूब शेयर किए जाते थे ताकि युवा कश्मीरियों को आतंकवाद की तरफ आकर्षित किया जा सके। बुरहान की मौत के बाद उसके पिता सुरक्षा बलों के खिलाफ प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे थे। इसमें उनका पूरा परिवार भी शामिल था, लेकिन अब माहौल बदला है और पांच साल बाद बुरहान के पिता ने घाटी में तिरंगा लहराया है, जो यहां की बदलती फिजाओं का प्रतीक माना जा रहा है।







