
काबुल, 29 अगस्त। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एयरपोर्ट के पास रविवार को एक और धमाका हुआ है। धमाके वाली जगह से धुएं का गुबार निकलने लगा। धमाके की तेज आवाज से स्थानीय लोगों में दशहत पैदा हो गई। बताया जा रहा है कि यह हमला रॉकेट के जरिए किया गया था। स्थानीय पुलिस प्रमुख के अनुसार, काबुल हवाई अड्डे के उत्तर-पश्चिम में स्थित रिहायशी इलाके में यह रॉकेट गिरा। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं दो प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि रॉकेट के एक घर से टकराने के कारण यह धमाका हुआ। वहीं एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि इस रॉकेट हमले में दो लोगों की मौत हुई है और तीन लोग घायल हुए हैं।
हमला उत्तरी काबुल के रिहायशी इलाके ख्वाजा बुघरा में किया गया। रॉकेट यहां एक घर पर गिरा। यह इलाका काबुल हवाई अड्डे से ज्यादा दूर नहीं है। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को अंदेशा जताया था कि 24 से 36 घंटे के अंदर फिर से हमला हो सकता है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, ये रॉकेट एयरपोर्ट के नजदीक गुलाई इलाके में एक मकान पर गिरा। रॉकेट से आतंकियों ने एयरपोर्ट को निशाना बनाने की कोशिश की थी, मगर निशान चूक गया। रेंज कम होने की वजह से रॉकेट पहले ही गिर गया। इस हमले की अभी तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
उधर, अमेरिकी सेना के हवाले से खबर है कि अमेरिका ने काबुल में संदिग्ध आईएसआईएस-के (आईएसआईएस-खुरासान) के आतंकवादियों को निशाना बनाते हुए एक सैन्य हमला किया है। अमेरिका ने यह स्ट्राइक ड्रोन से की थी। इसमें विस्फोटकों से लदी उस कार को तबाह किया गया, जो संभवत: काबुल एयरपोर्ट को निशाना बनाने की फिराक में जा रही थी।
इससे पहले शनिवार को हवाईअड्डे के एंट्री गेट के पास भी फायरिंग की खबरें आई थीं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यहां कई राउंड की फायरिंग की गई थी। चश्मदीदों ने बताया था कि हवाई अड्डे के आसपास आंसू गैस के गोले उठते देखे गए थे। फायरिंग के बाद हवाई अड्डे के आसपास भगदड़ का माहौल भी बन गया था।







