
धर्मशाला(कांगड़ा), 18 मार्च। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राज्य सभा सांसद सुश्री इंदु बाला गोस्वामी को संसद में बताया की केंद्र सरकार ने पार्टनरशिप मोड के माध्यम से हिमाचल प्रदेश ने दो नए सैनिक स्कूल खोलने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया की केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में एनजीओ, ट्रस्ट, प्राइवेट स्कूलों और सरकारी स्कूलों के साथ सांझेदारी बनाकर नए सैनिक स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के अनुरूप केंद्र सरकार ने पार्टनरशिप मोड के माध्यम से देश भर में 45 नए सैनिक स्कूल खोलेगी। इनमें से दो नए सैनिक स्कूल हिमाचल प्रदेश में भी खोले जाएंगे
पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेल लाइन ब्रॉडगेज करने का अनुरोध
उधर, सांसद डॉक्टर राजीव भरद्वाज ने संसद में रेलवे बजट के समर्थन में बोलते हुए पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेलवे लाइन को ब्रॉडगेज रेलवे लाइन में परिवर्तित करने और प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों डलहौज़ी, चम्बा और खजियार के लिए नई रेलवे लाइन के लिए सर्वे करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने बिना आधुनिक तकनीक के स्थानीय निवासी भलकू राम के पथ प्रदर्शन से कालका-शिमला रेलवे लाइन का निर्माण किया था अब जबकि हम विश्व की नवीनतम तकनीक से लैस हैं ऐसे में शिमला से कहीं कम ऊंचाई पर स्थित डलहौज़ी, खजियार और चम्बा के लिए रेलवे लाइन के निर्माण में कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। उन्होंने इस रेलवे लाइन के सर्वे का अनुरोध किया।
उन्होंने संसद में कहा कि पठानकोट-जोगिन्दरनगर मीटरगेज रेलवे लाइन का निर्माण अंग्रेजों ने किया था। इसके बाद इस रेलवे लाइन में एक इंच की बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने कहा की रेलवे देश की धड़कन है और इस धड़कन का सपंदन उनके गृह क्षेत्र काँगड़ा में भी सुना जाना चाहिए।
उन्होंने इस वर्ष के रेल बजट में हिमाचल प्रदेश के लिए अब तक सबसे ज्यादा 2716 करोड़ रूपये के आवंटन के लिए रेल मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के अम्ब, अंदौरा, बैजनाथ, पपरोला, पालमपुर और शिमला रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत कवर करने का धन्यवाद किया। उन्होंने इस वर्ष के रेलवे बजट में भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेलवे लाइन और चंडीगढ़-बद्दी ब्रॉडगेज रेलवे लाइन सहित रेलवे सुविधाओं के लिए पर्याप्त बजट राशि प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार का धन्यवाद किया।
डॉ. राजीव भरद्वाज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए रेलवे बजट में वर्ष 2023 -24 में 1838 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया जोकि यूपीए सरकार के आवंटन से 17 गुणा ज्यादा है। इस समय देश में 1,15, 000 किलो मीटर लंबा रेल ट्रैक स्थापित किया गया है जोकि विश्व का चौथा बड़ा रेलवे ट्रैक है। उन्होंने रेलवे को देश की लाइफ लाइन बताते हुए कहा कि इस समय देश में 7500 रेलवे स्टेशन हैं और रोजाना 2.5 करोड़ लोग रेलवे में सफर करते हैं।
उन्होंने कहा की वर्तमान बजट विकसित भारत की यात्रा में नया अध्याय जोड़ेगा। इस वर्ष के रेल बजट में 200 नई वंदे भारत ट्रेन, 100 अमृत भारत ट्रेन, 50 नमो भारत रैपिड ट्रेन चलाने और 15500 नॉन एसी कोच जोड़ने की घोषणा का स्वागत किया और कहा कि इससे रेल सुविधा, बिलासिता और सुरक्षा में नया अध्याय लिखा जाएगा। उन्होंने रेलवे सुरक्षा में रिकॉर्ड 1 ,16 ,514 करोड़ के बजट आबंटन का स्वागत किया और कहा की 2000 नए फुट ओवर ब्रिज के निर्माण से रेलवे यात्रियों को सुविधा होगी और रेलवे स्टेशनों पर अव्यवस्था खत्म होगी।







