
श्री नैनादेवी(बिलासपुर), 02 मार्च। विश्व में शांति हो, भाईचारा हो और विश्वयुद्ध ना हो इस कामना को लेकर विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैनादेवी मंदिर में महायज्ञ एवं अनुष्ठान किया गया। बुधवार को पूर्णाहुति दी गई। यह अनुष्ठान पुजारी वर्ग और मंदिर न्यास के संयुक्त सहयोग से किया गया।
हालांकि लगभग 34 वर्षों से हर साल महाशिवरात्रि के पावन उपलक्ष पर यह अनुष्ठान किया जाता है, मगर इस बार विश्व पर छाए युद्ध के खतरे को देखते हुए खासकर विश्व शांति का आह्वान किया गया।

ज्ञात रहे कि इन दिनों यूक्रेन और रूस के बीच में जो युद्ध चल रहा है। वहीं बाकी देश भी रूस के खिलाफ हैं और रूस परमाणु युद्ध की चेतावनी दे चुका है। ऐसे में दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध की तरफ बढ़ रही है। विश्व में शांति हो भाईचारा हो और आपसी बातचीत से समस्याएं हल हों, इसको लेकर श्री नैनादेवी मंदिर में विशेष अनुष्ठान एवं महायज्ञ किया गया है।
मंदिर न्यासी नीलम शर्मा ने कहा कि हर बार यह आयोजन होता है मगर इस बार विशेष रूप से विश्व युद्ध के आसार के चलते विश्व में शांति और आपसी भाईचारा बना रहे और जानमाल का नुकसान ना हो इसके लिए शिव भोले भंडारी और माता श्री नैनादेवी से प्रार्थना की गई है।
स्थानीय पुजारी आनंद गोपाल ने बताया कि यह आयोजन हर बार भाईचारे विश्व शांति हेतु किया जाता है। इस बार भी विशेष रूप से युद्ध के आसार कम करने और दुनिया को जान माल के नुकसान से बचाने की कामना हेतु देवी मां और भोले नाथ से प्रार्थना की गई है।







