पालघर(महाराष्ट्र), 01 सितंबर। महाराष्ट्र के पालघर में एक मछुआरे के जाल में ऐसी मछलियां फंसी की उनकी कीमत ने उसे करोड़पति बना दिया। दरअसल पालघर के चंद्रकांत तरे अपने सात साथियों के साथ मछली पकड़ने समुंद्र में उतरे थे। चंद्रकांत और उसके साथियों ने मछलियां पकड़ने के लिए समुद्र में जाल डाला, तो उसेमें सी गोल्ड कही जाने वाली दुर्लभ घोल मछलियां फंस गईं और वो भी एक या दो नहीं पूरी 157 घोल। इस एक दुर्लभ मछली की ही बाजार में लाख रुपये के करीब कीमत है। इस तरह चंद्रकांत को इन 157 मछलियों की कीमत के तौर पर 1.33 करोड़ रुपये की आमदनी हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घरे के जाल में इतनी साली घोल के फंसने के पीछे यह वजह मानी जा रही है कि शायद घोल मछलियां झुंड में जा रही थीं और जाल फैंके जाने से वे एक साथ जाल में फंस गईं। इसी से चंद्रकांत की किस्मत चमक गई। मछलियों का ऑक्शन पालघर के मुर्बे में हुआ। चंद्रकांत के बेटे सोमनाथ ने बताया कि उन्होंने हर मछली को करीब 85 हजार रुपये में बेचा।
नाव से समुद्र में 20 से 25 नॉटिकल माइल अंदर वाधवान की तरफ फैलाए जाल में फंसीं थीं ये कीमती मछलियां। घोल मछली का वैज्ञानिक नाम 'प्रोटोनिबिआ डायकैंथस ' है। इसका इस्तेमाल दवाइयां और कॉस्मेटिक्स बनाने में होता है। थाईलैंड, इंडोनेशिया, जापान, सिंगापुर जैसे देशों में इसकी बहुत मांग है। सर्जरी के दौरान इस्तेमाल होने वाले धागे, जो अपने आप गल जाते हैं, वे भी इसी मछली से बनाए जाते हैं। इन मछलियों को यूपी और बिहार से आए व्यापारियों ने खरीदा।