Friday, September 29, 2023
BREAKING
एसबीआई कर्मचारियों ने आपदा राहत कोष में दिए 77.30 लाख मुख्यमंत्री ने यू.ए.ई. के प्रवासी हिमाचलियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया कला अध्यापकों और शारीरिक शिक्षकों की भर्ती के लिए न्यूनतम छात्र संख्या शर्त हटाने पर होगा विचार:सीएम मंडी पहुंचा जीएसआई दल, टारना में भूभौतिकीय कारकों का करेगा अध्ययन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अमृतसर से जुड़ेंगे कुल्लू व शिमला असम सरकार ने आपदा राहत कोष में किया 10 करोड़ रुपये का अंशदान सीएम ने केंद्र से विशेष राहत पैकेज और आपदा राहत कोष मानदंडों में संशोधन की मांग की किराये के मकान में अकेली रह रही महिला की गला रेत कर हत्‍या तेज रफ्तार बस की टक्‍कर में 12 साल का बालक गंभीर रूप से घायल, आईजीएमसी रेफर सीएम ने स्वर्ण मंदिर और दुर्गियाना मंदिर में माथा टेका, जलियांवाला बाग व विभाजन संग्रहालय भी गए
 

जेएंडके सीमा पर गश्‍त के लिए निकले पुलिसकर्मियों का वाहन खाई में गिरा, 7 की मौत, 4 गंभीर

एफ.आई.आर. लाइव डेस्क Updated on Friday, August 11, 2023 18:12 PM IST
जेएंडके सीमा पर गश्‍त के लिए निकले पुलिसकर्मियों का वाहन खाई में गिरा, 7 की मौत, 4 गंभीर

तीसा(चंबा), 11 अगस्‍त। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के उपमंडल चुराह के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर तरवाई पुल के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर पुलिस कर्मियों से भरी एक टाटा सूमो गहरी खाई में स्‍थित बैरा नदी में जा गिरी। इस हादसे में छह पुलिस कर्मियों और वाहन चालक की मौत हो गई है, जबकि चार वाहन सवार पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हैं।

 

हादसे का शिकार पुलिस कर्मी जिला कांगड़ा के सकोह (धर्मशाला) में स्‍थित द्वितीय आईआरबीएन में तैनात थे और वे यहां जम्‍मू-कश्‍मीर के साथ लगती सीमा पर गश्‍त के लिए जा रहे थे। यह हादसा शुक्रवार सुबह नौ बजे के करीब हुआ, जब खस्‍ताहाल सड़क से गुजरते समय वाहन के चालक पर तेजी से एक बड़ा पत्‍थर आकर गिरा और वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़कते हुए पानी के तेज बहाव में जा गिरा।

 

हादसे का शिकार पुलिस कर्मियों में एक एएसआई, एक हैड कांस्‍टेबल और चार कांस्‍टेबल शामिल हैं। वहीं वाहन के चालक की भी मौत हुई है। हादसे में घायल 3 लोगों को मेडिकल कालेज चंबा रैफर किया गया है। वहीं एक घायल सिविल अस्पताल तीसा में उपचाराधीन है।

 

हादसे के मृतक

 

1 सब इंस्पेक्टर राकेश गोरा पुत्र जयचंद निवासी नूरपुर, जिला कांगड़ा।

2 हेड कांस्टेबल प्रवीण टंडन पुत्र तिलक राज निवासी बाथड़ी, डलहौजी जिला चंबा।

3 कांस्टेबल कमलजीत पुत्र अर्जन सिंह निवासी खब्बल जवाली जिला कांगड़ा।

4 कांस्टेबल सचिन पुत्र मोहिंद्र सिंह राणा निवासी सूरजपुर, देहरा जिला कांगड़ा।

5 कांस्टेबल अभिषेक पुत्र मदन लाल निवासी खेरियां, जवाली जिला कांगड़ा।

6 कांस्टेबल लक्ष्य कुमार पुत्र पवन मोंगरा निवासी इच्छी, तहसील व जिला कांगड़ा।

7 चंदु राम पुत्र जय दयाल निवासी मंगली, चुराह जिला चंबा।

 

हादसे के घायल

 

1 कांस्टेबल सचिन पुत्र परस राम निवासी पालमपुर जिला कांगड़ा।

2 हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार पुत्र चमन सिंह निवासी तहसील व जिला चंबा।

3 कांस्टेबल अक्षय चौधरी पुत्र राजेश कुमार निवासी बैजनाथ जिला कांगड़ा।

4 पंकज कुमार पुत्र जन्म सिंह निवासी मंगली चुराह, जिला चंबा।

 

विधायक हंसराज बोले हादसे के लिए पीडब्‍ल्‍यूडी विभाग जिम्‍मेदार

 

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक हंसराज ने आरोप लगाया है कि यह दर्दनाक हादसा सरकार एवं पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन की लापरवाही के चलते हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्‍होंने लगातार गुहार लगाकर इस रोड को बंद करवाया था मगर सरकार ने भूस्‍खलन के खतरे के बावजूद इस मार्ग को खोल दिया। उन्‍होंने कहा कि यहां भूस्‍खलन का खतरा होने की जानकारी वे बारबार अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दे रहे थे। इसके बावजूद सरकार मौन रही और पहाड़ी पर लगतार गिर रहे मलबे को रोकने के लिए सरकार व विभाग ने कोई एक्शन नहीं लिया।

 

उन्होंने मांग की है कि इस लापरवाही के लिए पीडब्ल्यूडी में संबंधित अधिकारी पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। उन्‍होंने कहा कि सरकार की लापरवाही लगातार पूरे प्रदेश में दिख रही है और अगर इस प्रकार की लापरवाही पर अंकुश नहीं लगा तो हिमाचल की जनता पर हमेशा खतरा बना रहेगा। इस हादसे को लेकर एक उच्च स्तरीय जांच समिति भी बैठानी चाहिए और सरकार को जनता के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के तरवाई पुल के पास हुई एक सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है, जहां एक वाहन सिउल नदी में गिर गया, जिसमें 9 पुलिस कर्मियों सहित 11 लोग सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन बैरागढ़ से तीसा की ओर जा रहा था। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत प्रदान करने और घायल व्यक्यिों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

 

दुर्घटना की जांच के लिए एसडीएम की अध्‍यक्षता में कमेटी गठित 

 

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने उपमंडल  चुराह  के तहत   तीसा-बैरागढ़  संपर्क सड़क मार्ग पर तरवाई पुल के समीप  वाहन दुर्घटना की जांच को लेकर   एसडीम   तीसा की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित करने के निर्देश जारी किए हैं। कमेटी निर्दिष्ट प्रारूप पर तत्काल गहन अध्ययन व जांच और विश्लेषण करने के उपरांत  सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। कमेटी में सहायक अभियंता  अभियांत्रिकी  लोक निर्माण  विभाग और थाना प्रभारी तीसा  को शामिल किया गया है। इसके अलावा उपायुक्त अपूर्व देवगन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने  मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त ने बताया कि वाहन दुर्घटना में  मृतकों के  परिजनों को 25 हजार और घायलों के  परिजनों को  10 हजार  रुपए की तत्काल राहत राशि प्रदान कर दी गई है।

 

VIDEO POST

View All Videos
X