
भरमौर(चंबा), 16 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में स्थित चौरासी परिसर में फ्लड लाईट लगाने के कार्य के दौरान गिरे पोल की चपेट में आने से 13 साल की किशोरी की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसे का शिकार सभी लोग मणिमहेश यात्री बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मंगलवार को दोपहर के समय तब हुआ जब यहां हाई मास्ट लाईट लगाने का काम चला हुआ था और तभी एक पोल अचानक गिर गया और चौरासी परिसर में मौजूद जम्मू कश्मीर से आए श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। ये सभी मणिमहेश यात्रा के लिए यहां पहुंचे थे।
इस हादसे के बाद श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पोल लगाने में बरती गई लापरवाही के कारण धरना प्रदर्शन करके अपना रोष प्रकट किया। हैरानी की बात यह रही कि मणिमहेश यात्रा के पुख्ता प्रबंधों का दावा करने वाले जिला प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और काफी देर तक रोष प्रदर्शन हुआ। वहीं पुलिस ने सूचना मिलते ही किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायलों को भरमौर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।







