
झंडूता(बिलासपुर), 18 मार्च। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर विमल नेगी का शव मंगलवार को भाखड़ा बांध में झंडूता क्षेत्र के गाह घोड़ी के पास बरामद हुआ। वह 10 मार्च से लापता थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इससे पहले फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। उनके शव की पहचान उनकी जेब में पड़े ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की जांच से हुई। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट ओन के बाद हो पाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह तलाई थाना क्षेत्र के तहत आने वाले गाह घोड़ी में कुछ मछुआरों ने पानी में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकाल कर जेब में पड़े ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि जिस चीफ इंजीनियर के लापता होने पर पूरी सरकार चिंतित थी यह शव उन विमल नेगी का है। इस सूचना उनके परिजनों को दी गई।

विमल नेगी के 10 मार्च को लापता होने के बाद से शुरू की गई छानबीन में पुलिस को पता चला था कि वे शिमला से टैक्सी लेकर बिलासपुर के घुमारवीं पहुंचे थे। घुमारवीं में सीसीटीवी फुटेज में भी वे नजर आए थे। इकसे बाद से वे नहीं मिल पा रहे थे। उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और पुलिस प्रशासन से मिलकर उन्हें ढूंढने की गुहार लगाई थी। यहां तक कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा में भी उनके लापता होने का मामला उठाया था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौत के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। ज्ञात रहे कि विमल नेगी के परिजनों ने भी उनके लापता होने को लेकर कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज यहां हिमाचल प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड में मुख्य अभियंता व महाप्रबंधक के पद पर सेवारत विमल नेगी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और उन्हें इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विमल नेगी ने पॉवर कॉरपोरेशन में जीवन भर उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की व अपने दायित्व के प्रति पूर्ण निष्ठा से समर्पित रहे।
जयराम ठाकुर ने जांच की मांग की
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विमल नेगी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्ति की हैं। उन्होंने कहा यह बहुत गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान विमल नेगी की तलाश के अभियान में तेजी लाने का मामला उठाया था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आज उनका शव मिला है। इस मामले में बहुत सारे तथ्य सामने आ रहे हैं। नेगी के परिजनों ने भी उच्च अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं। ऐसे में इस मामले की निष्पक्षता पूर्वक जांच होनी चाहिए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि यह हत्या है या आत्महत्या। मुख्यमंत्री से निवेदन है कि वह परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच करें और यदि मामले में कोई भी दोषी हो तो उसे किसी सूरत में बख्शा न जाए।







