
टांडा(कांगड़ा), 01 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के टांडा में स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि एक अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार ईएनटी विभाग में प्रशिक्षण ले रहे डॉक्टर पीयूष और डॉक्टर इंदिरा बुधवार रात दस बजे के करीब अस्पताल से कुछ दूरी पर स्थित एक रेस्टोरेंट से खाना खा कर स्कूटी पर वापिस लौट रहे थे कि कांगड़ा-टांडा रोड पर स्थित पुल के नजदीक विपरित दिशा से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
इस हादसे में डॉ. पीयूष(32) पुत्र रामपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वह महाराष्ट्र का रहने वाला था। वहीं उसके साथ स्कूटी पर सवार डॉ. इंदिरा गंभीर रूप से घायल हैं उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही निजी रेस्टोरेंट के संचालक से भी पूछताछ की गई है, जहां से मृतक डॉक्टर ने रात को डिनर किया था। मेडिकल कॉलेज टांडा की रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन ने इस दुर्घटन पर रोष जाहिर करते हुए पुलिस से आरोपी चालक का पता लगाकर उसकी शीघ्र गिरफ्तार की मांग की है।







