
पांगी(चंबा)/सिसु(लाहौल-स्पीति),24 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के सिसु में एक सडक़ हादसे में पीएम की रैली में जा रहे एक युवक की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार युवक को एक वाहन ने टक्कर मार दी। इससे युवक घायल हो गया और कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि यह युवक विधायक जियालाल कपूर के काफिले में पीएम मोदी की मंडी में आज होने वाली रैली में शामिल होने जा रहा था और वह जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी का रहने वाला था। इस दौरान जब काफिला लाहौल-स्पीति के सिसु के पास पहुंचा तो उनकी बस भोजन के लिए रूक गई। इस दौरान सड़क पार करते समय वह वहां से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे क्षेत्रीय अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शाम सिंह उर्फ बिट्टू निवासी करयूनि चचरवास, पांगी, जिला चंबा के रूप में हुई है।







