
सराहां(सिरमौर), 10 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल सराहां में दो तेज रफ्तार बाइकों की टक्कर में एक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को सराहां सिविल अस्पताल से डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रैफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात को नेशनल हाईवे 907ए पर सराहां से 2 किलोमीटर दूर कहान के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार युवक वामन द्वादशी मेला देखने के बाद घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बाइकें तेज रफ्तार में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक कुशाल (22) पुत्र प्रेम दत्त निवासी पच्छाद जिला सिरमौर ने मौत पर ही दम तोड़ दिया। कुशाल के साथ बाइक नंबर एचपी 16 ए 0802 पर सवार पच्छाद का ही अन्य युवक घायल हुआ है।
वहीं दूसरी बाइक नंबर एचआर03 वी 6206 पर हरियाणा के पंचकूला के दो युवक सवार थे। इन दोनों को भी गंभीर हालत में नाहन मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच कर मृतक के शव को कब्जे में लिया और आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीँ तीन घायल युवकों का इलाज नाहन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







